मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान ख़ान इन दिनों सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में पैपराजी पर नाराजगी जताने के बाद अब उनका एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें माहौल पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। वीडियो में पैपराजी सलमान खान से माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं, जबकि अभिनेता भी काफी खुश और शांत नजर आए।
वायरल वीडियो में दिखा बदला हुआ माहौल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि सलमान खान अपनी कार से उतरते हैं और कैमरों के सामने रुककर पोज देते हैं। इस दौरान वहां मौजूद पैपराजी उनसे माफी मांगने लगते हैं। एक फोटोग्राफर ने कहा, “भाईजान, कल के लिए सॉरी।” वहीं दूसरे ने कहा, “भाईजान, हम आपको बहुत प्यार करते हैं।” सलमान खान ने इस दौरान मुस्कुराते हुए सबकी बात सुनी। तभी अभिनेता रितेश देशमुख भी वहां पहुंचे और सलमान खान से गले मिलते नजर आए। दोनों सितारों की मुलाकात ने भी फैंस का ध्यान खींचा।
अस्पताल के बाहर पैपराजी पर नाराज हुए थे सलमान
दरअसल, मंगलवार देर रात सलमान खान हिंदुजा अस्पताल पहुंचे थे। वहां मौजूद पैपराजी उन्हें देखते ही जोर-जोर से “भाई-भाई” कहकर आवाज लगाने लगे और लगातार तस्वीरें लेने लगे। इस दौरान सलमान खान नाराज हो गए थे। उन्होंने पैपराजी को फटकार लगाते हुए कहा था कि अगर उनके परिवार का कोई सदस्य अस्पताल में भर्ती होता, तो क्या वे ऐसी ही प्रतिक्रिया देते? उनकी नाराजगी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
रात 3 बजे सलमान ने शेयर किए पोस्ट
घटना के बाद सलमान खान ने देर रात सोशल मीडिया पर लगातार तीन पोस्ट साझा किए। इन पोस्ट में उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की और पैपराजी को जिम्मेदारी समझने की सलाह दी। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा था, “साठ साल का हो गया हूं, लेकिन लड़ना नहीं भूला… ये याद रख लेना। जेल में डालोगे… हा हा…” सलमान के इन पोस्ट्स ने सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोरीं।
फिल्मों को लेकर भी चर्चा में हैं भाईजान
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही फिल्म मातृभूमि में नजर आने वाले हैं। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। इसके अलावा सलमान खान अभिनेत्री नयनतारा के साथ भी एक नई फिल्म पर काम कर रहे हैं। हालांकि, फिल्म के टाइटल का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी शूटिंग अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है।
