झांसी। झांसी के रक्सा क्षेत्र के इमलिया गांव में बीडा (बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण) से 25 लाख रुपये मुआवजा मिलने के बाद एक परिवार में बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि मुआवजे की रकम मिलते ही एक युवक का व्यवहार पूरी तरह बदल गया और वह अपनी कथित प्रेमिका के साथ घर छोड़कर लापता हो गया।
मामले में युवक की पत्नी रुचि परिहार ने पुलिस को शिकायत दी है। उसने बताया कि उसके ससुर धनीराम की पांच एकड़ जमीन का बीडा द्वारा अधिग्रहण किया गया था, जिसके बदले परिवार को करीब एक करोड़ रुपये का मुआवजा मिला था। इस राशि को तीन भाइयों में बांटा गया, जिसमें उसके पति नीलेश के हिस्से में लगभग 25 लाख रुपये आए।
पत्नी का आरोप है कि पैसे मिलने से पहले पति छोटा-मोटा काम करके परिवार का पालन-पोषण करता था, लेकिन मुआवजा मिलने के बाद उसका रहन-सहन और व्यवहार पूरी तरह बदल गया। इसी दौरान गांव की एक युवती से उसके प्रेम संबंध गहरे हो गए और उसने पत्नी व परिवार से दूरी बनानी शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले नीलेश कथित तौर पर अपनी प्रेमिका के साथ घर से लापता हो गया, जिसके बाद से दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। घर से अचानक पति के गायब होने के बाद पत्नी अपने छह साल के बेटे के साथ अकेली रह गई है और बेहद परेशान है।
पीड़िता रुचि ने पुलिस से पति की तलाश करने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि आठ साल की शादी और बच्चे के बावजूद पति ने परिवार छोड़ दिया, जिससे वह मानसिक और आर्थिक रूप से संकट में है।
वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। रक्सा थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और युवक व युवती की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने गांव में चर्चा का माहौल बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीडा मुआवजे के बाद अचानक आई बड़ी रकम कई परिवारों में तनाव और रिश्तों में दरार की वजह बन रही है।
