पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिता अपनी बेटी के प्रेम संबंधों और पड़ोसी युवक से शादी करने की जिद से नाराज था। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से पहले भी घर में विवाद हुआ था और इसी दौरान आरोपी ने खौफनाक कदम उठा लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पहले बेटी को कमरे में बंद रखा और बाद में मौका पाकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह शव को रस्सी से अपनी पीठ पर बांधकर बाइक के जरिए करीब एक किलोमीटर दूर खेत में ले गया, जहां उसने लगभग पांच फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर लौट आया और सामान्य दिखने की कोशिश करने लगा। अगली सुबह वह बेटी की गुमशुदगी का नाटक करता रहा और परिजनों व पड़ोसियों को भी गुमराह करता रहा। लेकिन जब पुलिस जांच में सख्ती बढ़ी तो आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे बेटी के प्रेम संबंधों और सामाजिक बदनामी का डर था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। वहीं पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खेत से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले में मृतका की मां की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
