जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कोंच तहसील क्षेत्र के ग्राम खैरी में जिला पंचायत द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में असंतोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाला जिस स्थान पर प्रस्तावित था, वहां निर्माण नहीं किया जा रहा है, बल्कि इसे दूसरी जगह बनाया जा रहा है, जिससे गांव की सड़क और पाइपलाइन को नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस गलत स्थान पर निर्माण के कारण जल निकासी की समस्या और गंभीर हो सकती है, जिससे भविष्य में जलभराव की स्थिति बनी रहेगी। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि निर्माण इसी तरह चलता रहा तो यह कार्य पूरी तरह अनुपयोगी साबित होगा।
शिकायत में बताया गया है कि मूल प्रस्ताव के अनुसार नाला हुल्की माता मंदिर के तालाब से होते हुए प्राथमिक विद्यालय और घनश्याम के खेत से बम्बा तक जाना था, जिससे पूरे गांव की जल निकासी व्यवस्था सुधर सकती थी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस संबंध में पहले भी प्रशासन को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए।
इस मामले में SDM कोंच ने शिकायत मिलने के बाद जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं जिला पंचायत अधिकारी ने भी कहा है कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि निर्माण गलत स्थान पर पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
