नई दिल्ली । मार्च महीने की शुरुआत होते ही बुंदेलखंड में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। क्षेत्र में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और दोपहर के समय धूप इतनी तेज हो रही है कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। गुरुवार को झांसी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से करीब 5.2 डिग्री अधिक है।
गर्मी का असर दिन के साथ रात में भी महसूस किया जा रहा है। झांसी में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री ज्यादा है। सुबह से ही तेज और चटक धूप निकलने लगी है, जो दोपहर होते-होते और तीखी हो जाती है। हालात यह हैं कि कई जगहों पर लोग पंखे के साथ-साथ कूलर और एसी तक चलाने लगे हैं।
पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के टॉप-5 सबसे गर्म शहरों में से चार शहर बुंदेलखंड क्षेत्र के ही रहे। झांसी 36.2 डिग्री तापमान के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद 35.5 डिग्री तापमान के साथ आगरा दूसरे स्थान पर रहा। वहीं 35.4 डिग्री तापमान के साथ बांदा तीसरे नंबर पर दर्ज किया गया। 34.2 डिग्री तापमान के साथ हमीरपुर चौथे और 33.2 डिग्री तापमान के साथ उरई पांचवें स्थान पर रहा।
तेज धूप और बढ़ते तापमान का असर आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं। खुले में काम करने वाले मजदूरों और राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फरवरी महीने की शुरुआत से ही तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होनी शुरू हो गई थी। 16 फरवरी को झांसी का तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इसके बाद 18 फरवरी को मौसम में बदलाव हुआ और दो दिनों तक हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई।
हालांकि बारिश के बाद अब एक बार फिर मौसम साफ हो गया है और तेज धूप निकल रही है। इसके कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मैदानी इलाकों से आने वाली गर्म हवाओं की वजह से बुंदेलखंड क्षेत्र में गर्मी बढ़ रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले तीन दिनों तक मौसम साफ रहेगा और तेज धूप निकलती रहेगी। इसके कारण तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
