जानकारी के मुताबिक, 2 मई की रात पीड़ित किशोर खेत में काम कर रहा था और प्यास लगने पर पास में स्थित सरकारी पानी की टंकी के पास पानी पीने पहुंचा। इसी दौरान उसने वहां रखी बाल्टी से पानी लिया, जिस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई।
आरोप है कि संजय नाम के युवक, उसके भाई दीपक और दो अन्य साथियों सागर व पटिया ने किशोर को जातिसूचक गालियां दीं और उस पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया।
पीड़ित के परिजनों के अनुसार, हमलावरों ने किशोर के साथ बेहद अमानवीय व्यवहार किया। आरोप है कि उसे जबरन अपमानित किया गया और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। घटना के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया गया।
घटना के बाद पीड़ित के पिता ने सचेंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
