लखनऊ। लखनऊ जिला कोर्ट परिसर के बाहर अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान रविवार को बड़ा हंगामा हो गया। प्रशासन की टीम जैसे ही 240 अवैध चैंबर और दुकानों पर बुलडोजर लेकर पहुंची, वकीलों और दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया और मौके पर जमकर नारेबाजी व धरना दिया।
स्थिति उस समय बिगड़ गई जब पुलिस ने भीड़ को हटाने की कोशिश की, जिसके बाद वकीलों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। हालात काबू करने के लिए पुलिस को लाठी फटकारनी पड़ी और भीड़ को खदेड़ दिया गया। मौके पर 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी और पीएसी तैनात की गई।
कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के बाद की जा रही है, जिसमें सड़क, फुटपाथ और नाले पर बने अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। नगर निगम के अनुसार कई बार नोटिस देने के बावजूद कब्जे नहीं हटाए गए, जिसके बाद बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई।
वकीलों का आरोप है कि बिना पर्याप्त सूचना के कार्रवाई की गई और उनका सामान अंदर ही रह गया। वहीं प्रशासन का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई कानून के तहत और कोर्ट के आदेश पर की जा रही है।
इस दौरान एक वकील ने भावुक होकर कहा कि 36 साल पुराना चैंबर तोड़ने से वह टूट जाएगा। वहीं कुछ वकीलों ने आत्महत्या की कोशिश तक की, जिन्हें मौके पर पुलिस ने रोक लिया।
