पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में बॉबी चौहान उर्फ दयानंद महाराज और उसका भाई विवेक चौहान शामिल हैं, जो लंबे समय से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में सक्रिय थे। तीसरा आरोपी मकान मालिक बताया जा रहा है, जो इनके संपर्क में था।
मौके से पुलिस ने 7 ऑटोमैटिक और सेमी-ऑटोमैटिक हथियार, 122 कारतूस, 5 रामपुरी चाकू, करीब 2.87 लाख रुपये नकद, सोने की 5 अंगूठियां, चांदी के सिक्के और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी हथियार सप्लाई से पहले फायर कर उनकी जांच भी कराते थे ताकि उनकी गुणवत्ता साबित की जा सके।
आरोपी बॉबी चौहान सोशल मीडिया पर खुद को तांत्रिक बताकर ‘दयानंद महाराज’ नाम से प्रचार करता था। वह इंस्टाग्राम पर तंत्र-मंत्र और भूत-प्रेत से जुड़े वीडियो डालकर लोगों को प्रभावित करता था और इसी आड़ में अवैध गतिविधियां चलाता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी काफी समय से हथियारों की सप्लाई नेटवर्क चला रहे थे और अलग-अलग जगहों पर ग्राहक तलाशते थे। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार कहां से लाए जा रहे थे और किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे।तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
