दिल्ली (एजेंसी)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत इलाके में हुए भीषण बम धमाके ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। इस विस्फोट में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
अधिकारियों के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा बलों और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती आशंका आतंकी हमले की जताई जा रही है।
खैबर पख्तूनख्वा लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों से प्रभावित रहा है और एक बार फिर यह हमला पाकिस्तान सरकार और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार पर भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लगातार बढ़ती हिंसक घटनाओं ने पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।
