नाला सफाई और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
झांसी। नगर आयुक्त आकांक्षा राणा ने मंगलवार सुबह वार्ड नंबर 36 प्रेमगंज द्वितीय क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई, जल निकासी और अतिक्रमण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त ने रामा बुक डिपो से खालसा रोड स्थित कालीबाड़ी मंदिर के पास नाले का निरीक्षण किया। यहां बने जर्जर यूरिनल को तोड़कर नए निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने तथा नाले की सफाई निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश मुख्य अभियंता को दिए गए। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि एक प्लॉट के अंदर से नाला गुजर रहा है, जिससे सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर जोनल अधिकारी को पैमाइश कराने के निर्देश दिए गए।

खालसा रोड पर नालियों के ऊपर बनाए गए सीढ़ी और चबूतरों को लेकर भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं नालियों के भीतर से गुजर रही घरेलू पानी की पाइप लाइन हटाने के लिए जल संस्थान से समन्वय कर कार्रवाई करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड स्थित सामुदायिक केंद्र का भी जायजा लिया गया। क्षेत्रीय पार्षद उमेश जोशी ने बताया कि यहां शादी एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित होते हैं, जिससे स्थानीय लोगों को सुविधा मिलती है। नगर आयुक्त ने सामुदायिक केंद्र के सामने स्थित सरकारी भूमि की पैमाइश कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा अमर भवन के पास नाली पर बने शौचालय को हटाने तथा नाले की जल निकासी सुचारू कराने के आदेश दिए गए। इंद्रा नगर क्षेत्र में सामुदायिक शौचालय और सफाई केंद्र के पीछे खाली भूमि पर दुकानों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव, मुख्य अभियंता राजवीर सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
