रिपोर्ट्स के मुताबिक WhatsApp Plus उन यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो अपने ऐप को ज्यादा पर्सनलाइज्ड और प्रीमियम लुक देना चाहते हैं। इस प्लान के तहत यूजर्स को कई नए कस्टमाइजेशन फीचर्स मिलते हैं। इनमें 18 नई थीम्स, 14 अलग-अलग ऐप आइकन, एक्सक्लूसिव कॉल रिंगटोन, एनिमेटेड स्टिकर पैक और एडवांस नोटिफिकेशन कंट्रोल शामिल हैं। इसके अलावा यूजर्स एक साथ 20 चैट्स पिन कर सकेंगे और चैट लिस्ट को ज्यादा बेहतर तरीके से मैनेज कर पाएंगे।
हालांकि कंपनी ने अभी इस प्लान में कोई बड़ा “कोर फीचर” नहीं जोड़ा है। यानी मैसेजिंग, कॉलिंग, वीडियो कॉल और फाइल शेयरिंग जैसी मूल सुविधाएं पहले की तरह फ्री ही रहेंगी। WhatsApp Plus मुख्य रूप से ऐप की डिजाइन, इंटरफेस और एक्सपीरियंस को प्रीमियम बनाने पर फोकस करता है।
यूरोप में इस सब्सक्रिप्शन की शुरुआती कीमत 2.49 यूरो प्रति महीना रखी गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 280 रुपये होती है। अलग-अलग देशों में इसकी कीमत अलग हो सकती है। फिलहाल यह फीचर भारत में उपलब्ध नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले समय में इसे एंड्रॉयड और बाकी iPhone यूजर्स के लिए भी जारी किया जा सकता है।
WhatsApp Plus को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है क्योंकि पहली बार WhatsApp ने आम यूजर्स के लिए इस तरह का प्रीमियम सब्सक्रिप्शन मॉडल पेश किया है। हालांकि कंपनी ने साफ किया है कि यह पूरी तरह वैकल्पिक (Optional) प्लान है और सामान्य यूजर्स को ऐप इस्तेमाल करने के लिए कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा।
टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि Meta के स्वामित्व वाला WhatsApp अब धीरे-धीरे प्रीमियम फीचर्स और सब्सक्रिप्शन मॉडल की ओर बढ़ रहा है। आने वाले समय में कंपनी इसमें AI फीचर्स, एडवांस प्राइवेसी टूल्स और ज्यादा कस्टमाइजेशन विकल्प भी जोड़ सकती है।
