झांसी। यातायात निदेशालय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा और जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। बीती रात जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए इस सघन अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 41 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही 4 लाख 45 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया तथा 4 वाहनों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
यह विशेष अभियान रात 8 बजे से 11 बजे तक जनपद के सभी प्रमुख टोल प्लाजा और थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाया गया। यातायात पुलिस ने स्थानीय थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए रक्षा, बबीना, लुहारी और सेमरी टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर की सहायता से संदिग्ध वाहन चालकों की जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य राहगीरों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शराब पीकर वाहन न चलाएं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
