नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की तेजतर्रार आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में योगी सरकार द्वारा किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल में उनका तबादला विशेष सचिव के पद पर लखनऊ कर दिया गया है। दिव्या मित्तल अपने सख्त प्रशासनिक फैसलों और जमीनी स्तर पर किए गए विकास कार्यों के लिए जानी जाती हैं।
दिव्या मित्तल पहले देवरिया और उससे पहले मिर्जापुर की जिलाधिकारी रह चुकी हैं। मिर्जापुर के लाहुरिया दाह गांव में उन्होंने जल संकट को खत्म करने के लिए पाइपलाइन के जरिए घर-घर पानी पहुंचाने का काम कराया। यह गांव दशकों से पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहा था, जिसके कारण यहां सामाजिक समस्याएं तक पैदा हो गई थीं। ग्रामीणों के अनुसार, पानी की कमी की वजह से लड़कों की शादी तक नहीं हो पाती थी। लेकिन जल जीवन मिशन के तहत उनके प्रयासों से अगस्त 2023 में पहली बार गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू हुई, जिससे लोगों की जिंदगी बदल गई।
देवरिया में डीएम रहते हुए भी दिव्या मित्तल ने कई विकास कार्यों को तेजी से लागू कराया। उनके कार्यकाल में प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त कार्रवाई और नियमित निरीक्षण की वजह से वह जनता के बीच काफी लोकप्रिय रहीं। कई बार वह तहसील दिवस और निरीक्षण के दौरान लापरवाह अधिकारियों को फटकार लगाते हुए भी देखी गईं।
दिव्या मित्तल का जन्म हरियाणा के रेवाड़ी जिले में हुआ है। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से बीटेक और आईआईएम बैंगलोर से एमबीए किया है। पढ़ाई के बाद उन्होंने अपने सहपाठी गगनदीप सिंह से शादी की और दोनों ने मिलकर लंदन में लगभग 46 लाख रुपये सालाना पैकेज पर नौकरी भी की। हालांकि कुछ समय बाद दोनों ने विदेश की नौकरी छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया और सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी।
2012 में दिव्या मित्तल ने पहले ही प्रयास में यूपीएससी पास कर आईपीएस सेवा हासिल की, लेकिन ट्रेनिंग के दौरान उन्होंने दोबारा परीक्षा दी और 2013 में 68वीं रैंक के साथ IAS बन गईं। उनके पति गगनदीप सिंह भी आईएएस अधिकारी हैं।
दिव्या मित्तल नीति आयोग में भी काम कर चुकी हैं, जहां उनकी कई प्रस्तुतियों को सराहना मिली। उनकी कार्यशैली को देखते हुए उन्हें लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं। जैसे बरेली विकास प्राधिकरण की वीसी, सीडीओ गोंडा और यूपीएसआईडीसी में जिम्मेदारी।
सोशल मीडिया पर भी दिव्या मित्तल काफी लोकप्रिय हैं, जहां उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। तबादले के बाद उन्होंने देवरिया के लिए एक भावुक पोस्ट भी साझा किया, जिसमें उन्होंने वहां के लोगों और अपने अनुभवों को याद किया। आज दिव्या मित्तल यूपी प्रशासन की उन चुनिंदा अफसरों में गिनी जाती हैं, जिन्होंने जमीन पर काम करके लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने का प्रयास किया है।
