नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र के रेंहुटा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने के शौक और पति से हुए विवाद के चलते 25 वर्षीय युवती ने अपनी जान दे दी। यह घटना उसकी शादी की तीसरी सालगिरह के दिन ही हुई, जिससे परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, यशोदा पत्नी उमाशंकर को इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर रील बनाने और वीडियो अपलोड करने का शौक था। वह नियमित रूप से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और कहासुनी होती रहती थी।
परिजनों के मुताबिक, घटना वाली रात दंपती की शादी की तीसरी वर्षगांठ थी। यशोदा ने घर में खाना बनाया, सास-ससुर के साथ खाना खाया और फिर अपने कमरे में चली गई। बताया जा रहा है कि पति ने रील बनाने की आदत पर नाराजगी जताई थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी।
इसी तनाव के चलते देर रात उसने घर के कमरे में पंखे के हुक से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय पति उमाशंकर बाहर गया हुआ था और रात में लौटकर सो गया था। सुबह जब उसने पत्नी को फंदे पर लटका देखा तो उसके होश उड़ गए। तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि यशोदा की शादी लगभग तीन साल पहले इछावर गांव में हुई थी और दंपती की कोई संतान नहीं थी। ग्रामीणों के अनुसार, सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर घर में लंबे समय से तनाव चल रहा था, जिसे इस घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने दो डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसकी वीडियोग्राफी भी की गई है।
थानाध्यक्ष पैलानी राजेश वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
