कार रोककर किया गया हमला, 10 राउंड फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ कोलकाता से अपने घर लौट रहे थे। स्कॉर्पियो में वह ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के साथ बैठे थे। जैसे ही वाहन डोलतला से मध्यमग्राम के बीच पहुंचा, पीछे से आई एक कार ने उनकी गाड़ी को रोक दिया।इसके बाद बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आए हमलावर ने स्कॉर्पियो पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि 6 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से 4 गोलियां चंद्रनाथ रथ को लगीं।2 गोलियां सीने को पार कर गईं। 1 गोली पेट में लगी,
ड्राइवर को भी गोली लगी। घटना के बाद हमलावर बाइक और फर्जी नंबर प्लेट वाली कार छोड़कर फरार हो गए।
अस्पताल में मौत, ड्राइवर गंभीर
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया। वहीं ड्राइवर बुद्धदेब बेरा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ग्लॉक पिस्टल से हमला, प्रोफेशनल शूटर की आशंका
फोरेंसिक रिपोर्ट के शुरुआती इनपुट के अनुसार, हमले में आधुनिक ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया गया है। इस तरह का हथियार आम अपराधियों के पास नहीं होता, जिससे यह शक और गहरा हो गया है कि हमला किसी प्रोफेशनल शूटर ने अंजाम दिया है।हमलावर ने हेलमेट पहन रखा था और बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी, जिससे उसकी पहचान मुश्किल हो रही है।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज
घटना के बाद बीजेपी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुवेंदु अधिकारी ने इसे प्लान्ड मर्डर बताया और कहा कि पिछले 2–3 दिनों से रेकी की जा रही थी।वहीं TMC ने इन आरोपों को खारिज करते हुए मामले की CBI जांच की मांग की है।
एक घंटे बाद दूसरी फायरिंग, हालात और तनावपूर्ण
इस घटना के करीब एक घंटे बाद बशीरहाट में एक और भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय पर भी फायरिंग की गई, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बढ़ता राजनीतिक तनाव
4 मई के चुनावी नतीजों के बाद राज्य में अब तक 5 हत्याएं हो चुकी हैं, जिनमें भाजपा और TMC दोनों से जुड़े लोग शामिल बताए जा रहे हैं। इससे राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मां की भावुक अपील
मृतक चंद्रनाथ रथ की मां ने कहा कि दोषियों को सजा मिलनी चाहिए, लेकिन वह चाहती हैं कि कानून के तहत उम्रकैद की सजा दी जाए, न कि फांसी।उन्होंने सरकार से न्याय सुनिश्चित करने की अपील की है।
