नई दिल्ली। झांसी के गुरसरांय थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मड़पुरा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
एरच थाना क्षेत्र के हरदुआ गांव निवासी 27 वर्षीय मनमोहन, जो गांव में किराना दुकान चलाता था, सुबह अपने चचेरे भाई रामलाल के साथ गुरसरांय बाजार सामान लेने गया था। खरीदारी के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मड़पुरा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहा मनमोहन उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा। हादसे में रामलाल और दूसरी बाइक पर सवार एट थाना क्षेत्र निवासी आशीष भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान मंगलवार को मनमोहन ने दम तोड़ दिया, जबकि बाकी दोनों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
मनमोहन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। तीन साल पहले उसकी शादी हुई थी और छह महीने पहले ही वह एक बेटी का पिता बना था। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी बेहोश हो गई, जबकि घर में मातम का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। दोनों बाइक आमने-सामने आईं और चालक नियंत्रण खो बैठे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
