नई दिल्ली। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे एक किसान का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के अस्ता गांव के पास का है, जहां सोमवार को राहगीरों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान त्रिभुवन सिंह (45) निवासी अस्ता गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को घेरकर फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को बुलाया, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है, क्योंकि मृतक के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौत हादसे की वजह से हुई है या फिर इसके पीछे कोई साजिश है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगाघटना की जानकारी मिलते ही थाना अयाना और सदर कोतवाली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना से जुड़ा कोई सुराग मिल सके।
कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि मामला दुर्घटना का है या हत्या का, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी।
