घटना करीब दोपहर 1:30 बजे किशोर सिंह का पुरा गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 112 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को तत्काल रौन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। बाकी दो घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भिंड रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। चौथा युवक अभी भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है, जिसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया जा रहा है।
खबर लिखे जाने तक मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी शिनाख्त में जुटी हुई है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
उमरी थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। तीन युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक का इलाज जारी है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और बस चालक की तलाश की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से हो रहे सड़क हादसों की गंभीरता को उजागर करता है, जिसने तीन परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है।
