10वीं का प्रतिशत 90.42 तथा 12वीं पास छात्र-छात्राओं का प्रतिशत 80.38 रहा
झांसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के परीक्षा परिणामों में झांसी के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उल्दन निवासी ऋषभ साहू ने हाईस्कूल (10वीं) परीक्षा में 97.33 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल जिला टॉपर बने, बल्कि पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान भी प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। वहीं इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा में मऊरानीपुर के सरस्वती विद्या मंदिर की छात्रा नंदनी ने 92.80 प्रतिशत अंक (500 में 464) प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया।
ऋषभ के पिता मुकेश साहू ने बताया कि उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा लॉर्ड कृष्णा पब्लिक हाईस्कूल से प्राप्त की। ऋषभ शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहे और नियमित समय सारिणी बनाकर पढ़ाई करते थे। कठिन विषयों पर विशेष ध्यान देना उनकी सफलता का मुख्य कारण रहा। ऋषभ ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उनका लक्ष्य आगे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर देश सेवा करना है।
वहीं, इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा में मऊरानीपुर के सरस्वती विद्या मंदिर की छात्रा नंदनी ने 92.80 प्रतिशत अंक (500 में 464) प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया। नंदनी की सफलता से उनके परिवार और स्कूल में जश्न का माहौल है। शिक्षकों और साथियों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। ग्रामीण क्षेत्र से आने के बावजूद सीमित संसाधनों में नंदनी की यह उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
जिले के समग्र परिणामों की बात करें तो झांसी में 10वीं का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 90.42 रहा, जबकि 12वीं का परिणाम 80.38 प्रतिशत दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि इस बार भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन कर बाजी मारी है।
शिक्षकों का कहना है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से छात्र-छात्राएं बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। ऋषभ और नंदनी की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि लगन और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
