झांसी। झांसी के नवागत जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिला कोषागार में पदभार ग्रहण किया। 2014 बैच के आईएएस अधिकारी राठी इससे पहले उन्नाव में जिलाधिकारी के पद पर तैनात रह चुके हैं। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने आवश्यक अभिलेखों पर हस्ताक्षर किए और अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया।
पत्रकारों से बातचीत में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में सुशासन और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों को गति दी जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जनता की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को भेजा जाएगा और उनके समाधान की नियमित समीक्षा की जाएगी। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, जनसुनवाई को प्रभावी बनाने और विकास परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा कराने पर विशेष फोकस रहेगा।
महानगर में जाम और अतिक्रमण की समस्या पर जिलाधिकारी ने कहा कि इन मुद्दों के समाधान के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर ठोस कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा बिजली, पेयजल और रसोई गैस जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी बेहतर बनाने पर काम किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल और एसएसपी श्री मूर्ति सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
