झांसी । उत्तर प्रदेश के झांसी में एक इंजीनियरिंग छात्र की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है जहां बुंदेलखंड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के एक छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 23 वर्षीय अभिषेक गौतम के रूप में हुई है जो मैकेनिकल ब्रांच से बीटेक कर रहा था और थर्ड ईयर का छात्र था। इस घटना ने न केवल संस्थान बल्कि परिवार और साथियों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
क्लासमेट्स के अनुसार अभिषेक पढ़ाई में कमजोर था और पहले से ही बैक पेपर का दबाव झेल रहा था। फर्स्ट ईयर से लेकर पांचवें सेमेस्टर तक उसके 11 विषयों में बैक लग चुकी थी। हाल ही में हुए एग्जाम में भी तीन विषयों में बैक आने के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। साथियों का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में था और अक्सर तनाव में दिखाई देता था।
मंगलवार को उसके एक दोस्त वंश ने उससे फोन पर बात की थी जिसमें एग्जाम फॉर्म को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान अभिषेक ने अचानक नाराज होकर कॉल काट दिया था और बाद में बात करने को कहा था। दोस्तों को उस समय अंदाजा नहीं था कि वह अंदर ही अंदर इतना परेशान है। अगले दिन सुबह जब घटना की जानकारी मिली तो सभी हैरान रह गए।
घटना नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित कॉलेज के पंचवटी हॉस्टल की है जहां अभिषेक अपने कमरे में अकेला रहता था। बुधवार सुबह जब उसकी मां ने उसे कई बार कॉल किया और जवाब नहीं मिला तो उन्होंने एक परिचित को हॉस्टल भेजा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी। जब दरवाजे के छेद से देखा गया तो अंदर अभिषेक का शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। जांच के दौरान पुलिस छात्र के मोबाइल फोन की भी पड़ताल कर रही है ताकि मौत के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।
वहीं दूसरी ओर परिवार इस घटना को लेकर सवाल उठा रहा है। अभिषेक की मां का रो रोकर बुरा हाल है और वह लगातार यह कह रही हैं कि उनका बेटा इतना कमजोर नहीं था कि आत्मघाती कदम उठाए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
अभिषेक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता वेदपाल गौतम वाहन चालक हैं जबकि मां गृहिणी हैं। उसकी छोटी बहन देहरादून में पढ़ाई कर रही है। परिवार की उम्मीदों का केंद्र रहे अभिषेक की अचानक मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।
संस्थान के निदेशक ने भी इस घटना को बेहद दुखद बताया है। उनका कहना है कि छात्र पढ़ाई में कमजोर था और लगातार बैक आने के कारण मानसिक दबाव में था। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह मामला केवल तनाव का है या इसके पीछे कोई और कारण भी छिपा है।
