कहा- अपने खेल के साथ रहें ईमानदार, मुझे क्रिकेट खेलने का उतना शौक नहीं जितना पिताजी को खिलाने का है
झांसी। जनपद के उभरते युवा क्रिकेटर सीताराम दास का चयन उत्तर प्रदेश अंडर-17 क्रिकेट टीम में होने से जिले में खुशी की लहर है। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ परिवार बल्कि क्षेत्र के खेल प्रेमियों में भी उत्साह का माहौल है। वह 69 वी राष्ट्रीय विद्यालयी क्रिकेट अंडर -17 में तेलंगाना में 26 अप्रैल से एक मई तक आयोजित होने वाली प्रतिभायोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
सीताराम दास ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता महीपत सिंह निरंजन को दिया है। उनके पिता ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत रहे हैं और ग्राम महेवा किशोरपुरा, टोड़ी फतेहपुर निवास हैं। वर्तमान में सीपरी बाजार के आईटीआई पर निवास करते हैं। सीताराम दास ने कहा कि उन्हें क्रिकेट खेलने का जितना शौक है, उससे कहीं अधिक उनके पिता का सपना था कि वह क्रिकेट में आगे बढ़ें और प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाएं। उन्होंने बताया कि पिता के मार्गदर्शन और लगातार प्रोत्साहन ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
सीताराम दास ने कहा, “खेल के साथ हमेशा ईमानदार रहना चाहिए। मेहनत और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है।” उन्होंने युवा खिलाड़ियों को संदेश देते हुए कहा कि यदि लगन और समर्पण के साथ खेला जाए तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
स्थानीय कोच और खेल प्रेमियों ने भी सीताराम दास की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह चयन आने वाले समय में झांसी के अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
